19 दिन में राहुल गांधी का दूसरा बिहार दौरा, एयरपोर्ट से शकील अहमद के घर पहुंचे

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 19 दिनों में दूसरी बार आज पटना पहुंचे। वो एयरपोर्ट से सीधे कांग्रेस के विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के घर गए। 3 फरवरी को शकील अहमद के बेटे अयान ने खुदकुशी की थी।
यहां से राहुल गांधी होटल मौर्या जाएंगे। उसके बाद पटना के एसकेएम हॉल में स्वतंत्रता सेनानी जगलाल चौधरी की जयंती समारोह में शामिल होंगे। जगलाल चौधरी पासी समुदाय से थे। मेडिकल छात्र रहते हुए वो कांग्रेस से जुड़े। ताड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आबकारी मंत्री रहते हुए उन्होंने बिहार में सबसे पहले शराबबंदी लागू की थी।
बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राहुल गांधी का उनकी जयंती में शामिल होना दलित वोट को साधने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
इससे पहले 18 जनवरी को पटना में राहुल गांधी संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल हुए थे। इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की छी। यहां माउंटेन मैन के नाम से जाने जाने वाले दशरथ मांझी के बेटे भगीरथ मांझी से राहुल ने मुलाकात की। इसके कुछ दिन बाद वो जेडीयू छोड़कर दिल्ली में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।

राहुल गांधी के बिहार दौरे से पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया। अखिलेश सिंह ने मंगलवार को कहा कि 'कांग्रेस किसी बैसाखी के सहारे राजनीति नहीं करती। कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है। आरजेडी सहयोगी है। कांग्रेस को जो अंडर एस्टीमेट करेगा वो मूर्ख होगा। सम्मानजनक सीट के साथ मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।'