Movie prime

सारण से राजीव प्रताप रूडी आज करेंगे नॉमिनेशन, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता रहेंगे मौजूद

 

सारण के वर्तमान सांसद और बीजेपी प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी गुरुवार को नॉमिनेशन करेंगे। सुबह 10.30 बजे वो कलेक्ट्रेट सभा में सबसे पहले नामांकन करेंगे।

नामांकन के बाद राजेंद्र स्टेडियम में जनसभा और आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
राजीव प्रताप रूडी के नामांकन और जन आशीर्वाद सभा में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ-साथ जदयू के राज्यसभा सांसद संजय झा, जीतन राम मांझी के बेटे सुमन मांझी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन भी मौजूद रहेंगे।
रक्षा मंत्री पटना हवाई अड्डे से 11:50 मिनट पर सारण के लिए निकलेंगे। छपरा हवाई अड्डे पर 12:10 मिनट में वो पहुंचेंगे। जिसके बाद 12: 30 में सभा स्थल पर एक घंटे तक रुकेंगे। सभा को संबोधित करने के बाद फिर हवाई मार्ग से 1:35 मिनट पर सुपौल के लिए निकल जाएंगे। रक्षा मंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन की भी मजबूत तैयारी है। चप्पे-चप्पे पर फोर्स की तैनाती की गई है।
राजीव प्रताप रूडी का जन्म 30 मार्च, 1962 को पटना में हुआ था। उनके पिता विश्वनाथ सिंह और मां का नाम प्रभा सिंह है। उनका परिवार मूल रूप से सारण जिले के अमनौर का रहने वाले हैं। रूडी ने पटना के संत माइकल हाई स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज से अपनी पढ़ाई की।
उन्होंने चंडीगढ़ के गवर्नमेंट कॉलेज से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया है। रूडी ने 1985 में पंजाब यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री और 1987 में मगध यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया है। यूनिवर्सिटी पॉलिटिक्स में भी रूडी सक्रिय थे, वो पंजाब यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। हालांकि सक्रिय राजनीति में आने से पहले वो पटना के ए एन कॉलेज में लेक्चरर थे।
राजीव प्रताप रूडी ट्रेंड और स्किल्ड पायलट हैं। उनके पास कमर्शियल पायलट का लाइसेंस है। उन्होंने 2007 में फ्लोरिडा में विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद से लगातार विमान उड़ाते रहे हैं। रूडी के पास विमान उड़ाने का लंबा एक्सपीरियंस है। वे अब भी इंडिगो की फ्लाइट उड़ाते हैं। इंडिगो में वे बतौर ऑनरेरी पायलट अपनी सेवाएं देते हैं।
रूडी ने फरवरी, 2015 में बेंगलुरु में हुए एयर शो में पहली बार फाइटर प्लेन उड़ाया था। उन्होंने 40 मिनट तक सुखोई विमान उड़ाया, वो को-पायलट थे। रूडी की पत्नी नीलम भी पेशे से फ्लाइट सर्विस मैनेजर थीं। हालांकि, वे अब इस पेशे में नहीं हैं। राजीव प्रताप रूडी और उनकी पत्नी नीलम अक्सर बॉलीवुड पार्टियों में नजर आते हैं।
मालूम हो कि, सारण से इस बार महागठबंधन के तरफ से राजद सुप्रीमो लालू यादव को किडनी डोनेट कर सुर्ख़ियों में आई उनकी लाडली बेटी रोहिणी आचार्य चुनाव लड़ रही है। रोहिणी आचार्य पिछले कई दिनों से सारण में ही कैंप कर रही है। इस दौरान वो जनता के बीच घर -घर पहुंचकर खुद के लिए वोट अपील करती हुई नजर आ रही है। इसके साथ ही वो भाजपा सांसद पर कई तरह के आरोप भी लगा रही है।