रत्नेश कुशवाहा ने पटना साहिब में विकास कार्यों का लिया जायजा, 360वें प्रकाश पर्व से पहले जलजमाव दूर करने का निर्देश
पटना: श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विधायक रत्नेश कुशवाहा ने पटना साहिब रेलवे स्टेशन परिसर में चल रहे विकास एवं उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए इन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान रत्नेश कुशवाहा ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इनमें एस्केलेटर, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, शेड निर्माण, रेलवे ट्रैक का उन्नयन, बाहरी परिसर का सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था शामिल है।

इसके साथ ही उन्होंने छटंकी नाला एवं मेहंदीगंज गुमटी के समीप रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण और जल निकासी से संबंधित कार्यों का भी संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीना, दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार, पटना सिटी की डीसीएलआर अभिलाषा श्रीवास्तव, रेलवे इंजीनियरिंग सेल और बुडको के पदाधिकारी मौजूद रहे।
रत्नेश कुशवाहा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 360वें प्रकाश पर्व से पहले जल निकासी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि पटना साहिब गुरुद्वारा और आसपास के मोहल्लों में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
वहीं, रेलवे अधिकारियों ने नाला निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए इसके जल्द क्रियान्वयन में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना साहिब पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को आवागमन, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को समय पर पूरा कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का सम्मान, बेहतर सुविधाएं और विकसित पटना साहिब उनकी प्राथमिकता है।







