Movie prime

बजट सत्र के बीच शिक्षकों को राहत, TRE-3 और म्यूचुअल ट्रांसफर पर सरकार का बड़ा ऐलान

 
बजट सत्र के बीच शिक्षकों को राहत, TRE-3 और म्यूचुअल ट्रांसफर पर सरकार का बड़ा ऐलान
Bihar news: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में प्रश्नकाल के दौरान शिक्षकों से जुड़ा अहम मुद्दा उठा। इस दौरान नीतीश सरकार ने शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर बड़ा संकेत दिया है। खासकर TRE-3 के तहत बहाल शिक्षकों और म्यूचुअल ट्रांसफर को लेकर सरकार की मंशा साफ हो गई है।

दरअसल, माले विधायक संदीप सौरभ ने सदन में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर सवाल उठाया। इसके जवाब में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शिक्षकों को राहत देने वाला बयान दिया।

TRE-3 शिक्षकों के ट्रांसफर पर विचार

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि TRE-3 के तहत बहाल शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि TRE-3 के शिक्षकों का एक साल का कार्यकाल जून-जुलाई में पूरा हो जाएगा, इसके बाद उनके लिए ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मंत्री ने साफ किया कि जून-जुलाई 2026 में TRE-3 शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

म्यूचुअल ट्रांसफर फिर से शुरू होगा

शिक्षा मंत्री ने सदन में यह भी कहा कि सरकार एक बार फिर म्यूचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू करने पर विचार कर रही है। इसके तहत शिक्षक आपसी सहमति से अपनी पोस्टिंग बदल सकेंगे। मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था को दोबारा लागू करने पर विभाग स्तर पर चर्चा की जाएगी।

अब तक इतने शिक्षकों का हुआ ट्रांसफर

शिक्षा मंत्री ने सदन को जानकारी दी कि अब तक कुल 1 लाख 27 हजार 240 शिक्षकों का ट्रांसफर किया जा चुका है।
    •    TRE-1 के तहत 45,637 शिक्षकों का ट्रांसफर हुआ
    •    TRE-2 के तहत 28,237 शिक्षकों का ट्रांसफर किया गया

TRE-3 शिक्षकों को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि नियम के अनुसार एक साल की सेवा पूरी होने के बाद ही ट्रांसफर किया जाता है, इसलिए जून-जुलाई के बाद उनके लिए भी प्रक्रिया शुरू होगी।

शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद TRE-3 शिक्षकों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें भी ट्रांसफर की सुविधा मिल सकेगी।