Movie prime

बेऊर जेल में अनंत सिंह के साथ थे रीतलाल! आपराधिक नेटवर्क तोड़ने को भेजा गया भागलपुर जेल

 
भागलपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किए जाने से पहले रीतलाल यादव पटना की बेऊर जेल में बाहुबली और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के साथ रह रहे थे। बेऊर के अंदर दोनों की सुबह और शाम साथ में गुजरती थी।
जेल सूत्रों के अनुसार, आपस में दोनों बात करते हुए लंबा वक्त साथ में गुजारते थे। दरअसल, दोनों का वार्ड एक ही था। इसकी वजह यह थी कि अनंत सिंह विधायक रहे हैं। जबकि, रीतलाल यादव वर्तमान में दानापुर से राजद के विधायक हैं।
माननीय होने के कारण जेल मैनुअल के तहत इन्हें एक ही वार्ड में रखा गया था। अब दोनों को अलग कर दिया गया है। अनंत सिंह बेऊर जेल में ही हैं, लेकिन रीतलाल को भागलपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।
बेऊर जेल में रीतलाल यादव के कई लोग पहले से अलग-अलग आपराधिक मामलों में बंद हैं। बिल्डर से 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में दर्ज हुए केस के बाद दानापुर के विधायक ने 17 अप्रैल को कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया था। तब से वो यहीं थे।
सूत्रों के अनुसार, जेल के अंदर लगातार वो अपने लोगों से मिल रहे थे। इस बात की भनक पटना पुलिस को लग गई थी। पुलिस को इस बात का डर सताने लगा कि रीतलाल जेल में बैठकर अपने लोगों के जरिए कोई बड़ी आपराधिक वारदात न करवा दें।
विधायक का अपने लोगों से कनेक्शन तोड़ने के लिए जेल से मिले इनपुट के आधार पर जिला प्रशासन ने रिपोर्ट तैयार की। उसे जेल डिपार्टमेंट को भेजा गया। रिपोर्ट में रीतलाल यादव को पटना से भागलपुर जेल में शिफ्ट करने की सिफारिश की गई। डिपार्टमेंट ने मान लिया और आदेश भी जारी कर दिया।
हालांकि, जेल प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर इसके पीछे प्रशासनिक कारण बताया है।