राजद ने विजय सिन्हा को बताया "बुड़बक" और "बैल" कहा- तेजस्वी बताएंगे तब ये शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे

राष्ट्रीय जनता दल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर तीखा हमला बोला है। राजद ने उन्हें "बुड़बक" और "बैल से भी कम बुद्धि वाला" जैसे शब्दों से संबोधित करते हुए आलोचना की है।
राजद द्वारा किए गए पोस्ट में लिखा गया है, "जो पार्टी ऐसे मंदबुद्धि बकैतों के भरोसे हो, उस पार्टी में सचमुच ढंग के नेताओं का अकाल पड़ गया होगा! ये महाशय बिहार के उपमुख्यमंत्री हैं, पर ये भी तेजस्वी के ही भरोसे हैं। तेजस्वी, इनको जानकारी देंगे, तभी ये शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे। BJP-JDU में निर्बुद्धि नेता भरे पड़े हैं। बिहार के नेता हैं तो बस तेजस्वी।
यह हैं बुड़बक विजय सिन्हा
पद– बिहार के उपमुख्यमंत्री
काम– बकैती करना
बुद्धि– बैल से भी कम
तकियाकलम– ‘आपस कीजिए’।"
फोटो में आगे यह भी कहा गया है कि घोंचू विजय सिन्हा शहीद को सम्मान देने नहीं पहुंचे और पूछने पर कहा कि "तेजस्वी यादव ने बताया नहीं। राजद के इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

RJD के इस पोस्ट पर भाजपा प्रवक्ता अरविंद सिंह ने राजद और तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए पलटवार किया है।
अरविंद सिंह ने कहा कि राजद की ओर से बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को लेकर जो पोस्ट किया गया है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। विजय सिन्हा एक ऐसे वरिष्ठ नेता हैं जो लगातार चुनाव जीतकर आए हैं। वो विधानसभा अध्यक्ष जैसे गरिमामयी पद पर भी रह चुके हैं।"
अरविंद सिंह ने कहा कि "तेजस्वी यादव एक 9वीं फेल विद्यार्थी हैं, जो घोटालों और घपलों की उपज हैं। राजद का जो स्वभाव है, वह हमेशा नकारात्मक और अपमानजनक ही रहा है।