पशुपति पारस के चूड़ा दही भोज में पहुंचे लालू-तेजप्रताप, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी न्योता

मकर संक्रांति के मौके पर बिहार का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने आज चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया है। इसमें शामिल होने राजद सुप्रीमो लालू यादव अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के साथ पहुंचे हैं।
पारस ने CM नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को खुद जाकर आमंत्रण दिया है। लेकिन भतीजे और लोजपा(आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को भोज से दूर रखा है।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार की सुबह विधायक चेतन आनंद के आवास दही चूड़ा भोज में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान आनंद मोहन, लवली आनंद ने सीएम का स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी मंगलवार को दही-चूड़ा के भोज का आयोजन किया था। इस भोज में चाचा पशुपति पारस को न्योता नहीं दिया था। वहीं, सीएम नीतीश कुमार मंगलवार को चिराग पासवान के आमंत्रण पर दही-चूड़ा के भोज में पहुंचे। 12 बजे का समय देकर मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे ही पहुंच गए थे। इस दौरान लोजपा (आर) के प्रदेश कार्यालय में चिराग पासवान मौजूद नहीं थे। चिराग पासवान के बदले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष मौजूद थे।
उन्होंने सीएम का स्वागत किया था। नीतीश कुमार यहां करीब 10 मिनट तक रुके और फिर वहां से निकल गए। इसके पहले सीएम नीतीश बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में भी शामिल हुए थे।