Movie prime

हार के बहाने गढ़ रही है राजद, फैसला जागरूक जनता का था”- तेजस्वी के आरोपों पर भाजपा का करारा पलटवार

 
हार के बहाने गढ़ रही है राजद, फैसला जागरूक जनता का था”- तेजस्वी के आरोपों पर भाजपा का करारा पलटवार

Bihar political news: राजद नेता तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राजनीतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग के प्रदेश संयोजक राजीव रंजन ने तेजस्वी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद विपक्ष अब सच्चाई स्वीकारने के बजाय नए-नए तर्क और बहाने तलाश रहा है।

राजीव रंजन ने कहा कि बिहार में किसी दल या नेता की जीत-हार व्यक्तिगत नहीं होती, बल्कि यह लोकतंत्र के प्रति जागरूक जनता का फैसला होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हालिया चुनाव परिणाम बिहार की जनता की जीत है, जिसने सोच-समझकर विकास और स्थिरता के पक्ष में अपना जनादेश दिया।

“जनादेश पर सवाल लोकतंत्र के खिलाफ”

भाजपा नेता ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि राजद जब भी चुनाव हारती है, तो जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय उस पर सवाल खड़े करने लगती है। उन्होंने कहा कि यह रवैया न केवल जनता के अपमान जैसा है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है। बिहार की जनता पूरी तरह समझदार है और उसने एनडीए को स्पष्ट बहुमत देकर अपनी मंशा साफ कर दी है।

सरकार की कार्यशैली पर जताया भरोसा

राजीव रंजन ने एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा के नेतृत्व में सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता है और दिन-रात इसी दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने तेजस्वी यादव से सवाल किया कि जिस दल का रिकॉर्ड खुद विकास विरोधी रहा हो, उसे मौजूदा सरकार की नीयत और नीति पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजद पर हमला

राजीव रंजन ने राजद परिवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि तेजस्वी यादव का परिवार इस समय घोटालों के घेरे में है। उन्होंने ‘लैंड फॉर जॉब’ मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राजद शासनकाल की कार्यशैली का ताजा उदाहरण है। उनका आरोप था कि लालू-राबड़ी के दौर में बिहार अपराध और अराजकता का केंद्र बन गया था, जिसकी यादें आज भी जनता के मन में ताजा हैं।

“जंगलराज को जनता ने नकारा”

भाजपा संयोजक ने कहा कि बिहार की जनता राजद के ‘जंगलराज’ और अस्थिर शासन को भूलने वाली नहीं है। यही कारण है कि जनता बार-बार उस राजनीति को नकार रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि लोकतंत्र बिहार में पूरी तरह सुरक्षित है और आने वाले समय में भी जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर बना रहेगा।

राजीव रंजन ने दो टूक कहा कि एनडीए सरकार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है और विपक्ष के आरोपों से जनता का भरोसा डिगने वाला नहीं है।