जगदानंद की नाराजगी हुई दूर, RJD को नया अध्यक्ष मार्च तक मिलेगा
राष्ट्रीय जनता दल के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह काम पर लौट आए हैं। उन्होंने घर से कामकाज संभाल लिया है। इसके साथ ही उनकी नाराजगी और इस्तीफे के अटकलों पर भी विराम लग गया है।
बताया जा रहा है कि सिंह को मार्च तक पद पर बने रहने को कहा गया है। ताकि तय प्रक्रिया के तहत अगले प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो सके।
उपचुनाव के रिजल्ट में मिली हार के बाद जगदानंद सिंह ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पद छोड़ने की बातें शीर्ष नेतृत्व को कही थी। साथ ही उन्होंने ऑफिस आना बंद कर दिया था। इसके बाद उनको घर से ही मार्च तक काम करने को कहा गया है।
पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष की खोज तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी सिंह की तरह अनुशासन प्रिय और साफ छवि के नेता की तलाश कर रही है। सूत्रों के अनुसार, अगला अध्यक्ष तेजस्वी यादव की पसंद का हो सकता है।
जगदानंद सिंह की पारी खत्म होने के साथ ही RJD सुप्रीमो लालू यादव का राज भी पार्टी में कम हो जाएगा। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों के चयन में तेजस्वी की पसंद हावि रह सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला लालू यादव ही करेंगे।
RJD के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक जनवरी 2025 में होगी। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों का चुनाव शुरू होगा। बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर के चुनाव के बाद प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का चुनाव होगा।
बताया जा रहा है कि मार्च तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अप्रैल तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पूरा हो जाएगा