Movie prime

राबड़ी आवास के बाहर लालू यादव के सामने फूटा राजद कार्यकर्ताओं का गुस्सा, नाराज समर्थकों ने घेरा लालू का काफिला

 
राबड़ी आवास के बाहर लालू यादव के सामने फूटा राजद कार्यकर्ताओं का गुस्सा, नाराज समर्थकों ने घेरा लालू का काफिला

Bihar News: बिहार की सियासत में चुनावी माहौल गर्माने लगा है और अब विरोध की लहर पार्टी के भीतर तक पहुंच चुकी है। मंगलवार को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड -पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास के बाहर भारी हंगामा देखने को मिला। मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा विधायक रेखा पासवान के खिलाफ राजद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विधायक ने अपने क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं पर कोई ठोस काम नहीं किया। लोगों का कहना है कि रेखा पासवान जनता के बीच संवाद नहीं बनाए रखतीं, न जनसुनवाई करती हैं, न शिकायतों का समाधान।

विरोध का आलम ऐसा था कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव जब अपने काफिले के साथ राबड़ी आवास पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने उनके वाहन को घेर लिया और रेखा पासवान के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।

लालू यादव ने इस विरोध पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और काफिला आगे बढ़ा गया।

इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक रेखा पासवान ने फोन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह “भाड़े का हंगामा” था। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल लोगों को 500 से 1000 रुपए देकर बुलाया गया था। विधायक ने कहा, “जो लोग नारे लगा रहे हैं, वे मेरे विरोधी हैं। मेरे क्षेत्र में जितनी सक्रियता है, उतनी किसी विधायक की नहीं। मेरे खिलाफ ये सब एक साजिश है।”

रेखा पासवान ने प्रदर्शन में शामिल लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनमें कोई बड़ा नेता नहीं था, सिर्फ कुछ स्थानीय युवक पैसे लेकर हंगामा करने पहुंचे थे। उन्होंने नूतन पासवान पर भी हमला बोला और कहा कि “वह पार्टी में नहीं है, भगौड़ी है, और पैसे देकर लोगों को मेरे खिलाफ खड़ा कर रही है।”

विधायक ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में जनसमर्थन बरकरार है और वह चाहें तो “10 हजार लोग मैदान में उतार सकती हैं।” उन्होंने कहा कि उनकी जीत तय है और उनके विरोधी केवल “दिखावटी प्रदर्शन” कर रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने राजद के अंदरूनी विवाद को एक बार फिर उजागर कर दिया है। मसौढ़ी सीट पर विधायक रेखा पासवान के खिलाफ जनता और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर पार्टी नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।