Newshaat_Logo

फर्जी वीडियो से सम्राट चौधरी सरकार को बदनाम करने की राजद की साजिश बेनकाब - नीरज कुमार शर्मा

सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ राजद का दुष्प्रचार अभियान उजागर, बिहार को बदनाम करने वालों पर कानून का शिकंजा - नीरज कुमार शर्मा

 
नीरज कुमार

भाजपा बिहार के प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने राजद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार को बदनाम करने के लिए राजद अब फेक वीडियो और झूठे प्रचार का सहारा ले रही है। बिहार की जनता को डराने और सरकार की छवि धूमिल करने के लिए विपक्ष किस हद तक जा सकता है, इसका ताजा उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल किया गया कथित अपहरण का वीडियो है।

नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के क्रिएटर्स द्वारा मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया एक स्क्रिप्टेड वीडियो बिहार का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। वीडियो के साथ यह भ्रामक दावा किया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के शासन में राह चलती लड़की का अपहरण हो रहा है और बिहार में जंगलराज लौट आया है। राजद और कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल से भी इस वीडियो को साझा कर सरकार पर हमला बोला गया। यह महज राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता के बीच भ्रम और भय पैदा करने का प्रयास है।

नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि आजतक फैक्ट चेक, बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई तथा अन्य फैक्ट चेक रिपोर्टों ने इस वीडियो की वास्तविकता उजागर कर दी है। जांच में सामने आया कि वीडियो का मूल स्रोत पश्चिम बंगाल से जुड़ा इंस्टाग्राम अकाउंट ‘isa007stunt’ है। वीडियो किसी वास्तविक अपहरण की घटना का नहीं, बल्कि पहले से तैयार स्क्रिप्टेड स्टंट का हिस्सा है। बिहार में इस वीडियो में दिखाई गई अपहरण की घटना की कोई तथ्यात्मक पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनवर्षा धनखरिया निवासी मनीष कुमार दास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मनीष कुमार दास ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से दूसरे राज्य के इस वीडियो को बिहार की घटना बताकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित किया था। मोतिहारी साइबर थाना और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भी इस कार्रवाई की जानकारी दी है। साइबर डीएसपी प्रतिश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई बिहार पुलिस की तत्परता और साइबर अपराध के विरुद्ध उसकी सक्रियता को दर्शाती है।

नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि राजद को यह समझना चाहिए कि सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने से सच नहीं बदल जाता। जिस वीडियो को बिहार में जंगलराज का सबूत बताकर प्रचारित किया जा रहा था, उसकी असलियत पुलिस की जांच में सामने आ गई। सवाल यह है कि जब वीडियो बिहार का था ही नहीं, तो राजद ने उसे बिहार की कानून-व्यवस्था से जोड़कर जनता को गुमराह करने की कोशिश क्यों की? क्या राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी भी दूसरे राज्य के वीडियो को बिहार का बताकर सरकार को बदनाम करना उचित है?

उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के राजद शासनकाल में बिहार ने अपहरण, फिरौती, रंगदारी और भय का वह दौर देखा है, जिसे बिहार की जनता आज भी नहीं भूली है। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। यही वजह है कि राजद को वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने के बजाय फर्जी वीडियो और भ्रामक प्रचार का सहारा लेना पड़ रहा है।

नीरज कुमार शर्मा ने राजद से मांग की कि वह इस भ्रामक प्रचार के लिए बिहार की जनता से सार्वजनिक माफी मांगे और सोशल मीडिया के माध्यम से झूठ फैलाने की राजनीति बंद करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी की सरकार को बदनाम करने की हर साजिश का जवाब तथ्यों, कानून और सुशासन से दिया जाएगा। बिहार की जागरूक जनता अब राजद के इस दुष्प्रचार को समझ चुकी है।