'नीतीश सेतु' पुल पर रोहिणी ने उठाया सवाल, बोलीं-'सामाजिक न्याय सेतु' या लालू के नाम पर रखा जाए
बिहार के कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के नामकरण को लेकर अब सियासत शुरू हो गई है। सीएम सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ऐलान किया था कि राज्य सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। हालांकि, अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पुल के नामकरण पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि राघोपुर पुल का नाम 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाना चाहिए।
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा कि लालू प्रसाद ने राघोपुर दियारा क्षेत्र को विकसित किया और पुल के माध्यम से इस इलाके को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए थे।
आज राजनीतिक श्रेय लेने के लिए ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय दूसरों के नाम किए जाने का फैसला अफसोसजनक है।
राघोपुर की जनता चाहती है कि पुल का नाम 'सामाजिक न्याय सेतु' या लालू प्रसाद यादव के नाम पर हो। केवल राजनीतिक फायदे के लिए नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे फैसले पर सवाल उठना लाजिमी है।







