संजय सरावगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ चित्रगुप्त मंदिरों में की पूजा-अर्चना, लिया आशीर्वाद
पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ भगवान चित्रगुप्त के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने खगौल रोड, अनीसाबाद स्थित श्री श्री 108 चित्रगुप्त मंदिर तथा अशोक नगर, कंकड़बाग स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भगवान चित्रगुप्त से बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त न्याय, सत्य, कर्म और धर्म के प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदार रहने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भारतीय संस्कृति में भगवान चित्रगुप्त का विशेष आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व है।
सरावगी ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं हमारी सामाजिक एकता तथा सांस्कृतिक विरासत की मजबूत आधारशिला हैं। भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को सद्कर्म, अनुशासन और न्याय के मूल्यों से जोड़ने का भी अवसर है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं और अधिक सुदृढ़ होती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्थाओं और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर मंदिरों में श्रद्धा और भक्तिभाव का वातावरण रहा।







