पटना में मल्लिकार्जुन खरगे के पीएम मोदी के परिवार पर दिए गए बयान की संजय सरावगी ने की निंदा
पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार के बारे में इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक सोच और उसकी हताशा को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है। कांग्रेस अध्यक्ष का बयान पार्टी की हताशा और संस्कारहीन राजनीतिक संस्कृति का परिचायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल देश की जनता के जनादेश का अपमान है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री पद की अपनी गरिमा होती है।
संजय सरावगी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के एक-एक शब्द राहुल गांधी, सोनिया गांधी और पूरे गांधी परिवार की लिखी हुई स्क्रिप्ट का हिस्सा हैं। गांधी परिवार लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके माता-पिता और परिवार को अपमानित करने का काम करता रहा है। आज मल्लिकार्जुन खरगे भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। राहुल गांधी के साथ पार्टी चलाने का परिणाम है कि कांग्रेस अध्यक्ष भी गांधी परिवार की भाषा बोलने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगातार प्रधानमंत्री का अपमान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ लोगों की लोकतांत्रिक ताकत और जनादेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। गाली-गलौज से न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कद छोटा होगा और न ही जनता का उनके प्रति समर्थन कम होगा। कांग्रेस जितना राजनीतिक स्तर गिराएगी, जनता उसे उतना ही जवाब देगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद, आधारहीन और निरर्थक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक पतन के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के राजनीतिक आधार को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने के बजाय आत्ममंथन करे। देश की जनता ने बार-बार कांग्रेस को नकारा है और अब जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता लगातार कमजोर हुई है।
सरावगी ने कहा कि राजनीति में भाषा की मर्यादा होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की हताशा को दिखाता है। मोदी जी के साथ देश की करोड़ों जनता का आशीर्वाद है। कांग्रेस याद रखे कि जनता गाली-गलौज का नहीं, बल्कि विकास और काम का जवाब वोट से देती है। जनता विकास, सुशासन और जवाबदेह नेतृत्व को प्राथमिकता देती है, न कि निराधार आरोपों और व्यक्तिगत टिप्पणियों की राजनीति को।
उन्होंने कहा कि कॉंग्रेस को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री पद की अपनी गरिमा होती है। गाली-गलौज से न मोदी जी का कद छोटा होगा, न जनता का उनका समर्थन कम होगा। कांग्रेस जितना स्तर गिराएगी, जनता उसे उतना ही जवाब देगी।







