प्रियंक खड़गे के बयान पर संतोष सुमन का पलटवार, बोले- पहले कांग्रेस अपना इतिहास देखे, फिर संघ पर सवाल उठाए
डॉ. सुमन ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक दलित, महादलित, पिछड़े और वनवासी समुदायों को केवल चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल किया। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को राष्ट्र और समाज के लिए काम करने वाले संगठनों पर टिप्पणी करने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ पिछले कई दशकों से बिना किसी सरकारी सहायता के समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में काम कर रहा है। वनवासी इलाकों में शिक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयास इसकी सेवा भावना को दर्शाते हैं।
मंत्री ने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कमजोर होती है, उसके नेता संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा को निशाना बनाना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि अब समाज पहले की तुलना में अधिक जागरूक है और केवल राजनीतिक नारों या सहानुभूति से प्रभावित नहीं होता, बल्कि विकास और सम्मान की राजनीति को प्राथमिकता देता है।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस से सवाल किया कि अपने लंबे शासनकाल के दौरान उसने दलित, महादलित और वनवासी समाज के जीवन स्तर में सुधार के लिए कौन से ठोस और स्थायी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि जनता अब जवाब मांग रही है और केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से काम नहीं चलेगा।







