Newshaat_Logo

Shatrughan Sinha Meets Lalu Yadav: लालू से मिले शत्रुघ्न सिन्हा, दोस्ती को लेकर कही बड़ी बात

Bihar Political: मुलाकात के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी दोस्ती काफी पुरानी है. उन्होंने लालू यादव को अपना पारिवारिक मित्र बताते हुए कहा कि दोनों के बीच सिर्फ राजनीतिक संबंध नहीं हैं.
 
BIHAR POLITICS

Bihar Political: अभिनेता से नेता बने और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। शत्रुघ्न सिन्हा अचानक लालू प्रसाद के आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद बाहर निकले शत्रुघ्न सिन्हा ने इसे पूरी तरह व्यक्तिगत मुलाकात बताया। हालांकि, इस मुलाकात के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

लालू यादव से मुलाकात पर क्या बोले शत्रुघ्न सिन्हा?

मुलाकात के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी दोस्ती काफी पुरानी है। उन्होंने लालू यादव को अपना पारिवारिक मित्र बताते हुए कहा कि दोनों के बीच सिर्फ राजनीतिक संबंध नहीं हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद को देश का बड़ा और कद्दावर नेता बताते हुए कहा कि लोग उन्हें गरीबों का मसीहा मानते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह पटना आते हैं, लालू प्रसाद से मुलाकात करते हैं। शनिवार को भी दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत हुई।

लालू-राबड़ी की सेहत और लंबी उम्र की कामना

शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की सेहत और लंबी उम्र की कामना भी की। उन्होंने मुलाकात को किसी राजनीतिक गतिविधि या नए सियासी समीकरण से जोड़ने से इनकार किया।

हालांकि, बिहार की राजनीति में शत्रुघ्न सिन्हा की सक्रियता और उनके हालिया बयानों को देखते हुए इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रशांत किशोर की जीत पर शत्रुघ्न सिन्हा ने की थी तारीफ


शत्रुघ्न सिन्हा इससे पहले प्रशांत किशोर को लेकर भी चर्चा में रहे थे। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान उन्होंने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर का समर्थन किया था। उनकी जीत के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की थी।

उन्होंने प्रशांत किशोर को बिहार का भविष्य बताते हुए उम्मीद जताई थी कि वह जनता से किए गए वादों और अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। उनके इस बयान के बाद भी बिहार के राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हुई थीं।

मुलाकात के दौरान तेजस्वी और तेज प्रताप नहीं थे मौजूद

जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव और शत्रुघ्न सिन्हा की मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव मौजूद नहीं थे। बताया गया कि तेजस्वी यादव राजनीतिक काम से बाहर थे, जबकि तेज प्रताप यादव भी पटना से बाहर बताए गए।

फिलहाल शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद यादव के साथ हुई मुलाकात को व्यक्तिगत बताया है। ऐसे में यह मुलाकात किसी नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत है या महज पुरानी दोस्ती निभाने की मुलाकात, इस पर सियासी अटकलें जारी हैं