गया में शिवरानी प्रजापति का जोरदार स्वागत, बोलीं- हर मांग सरकार तक पहुंचाएंगे
Gaya: बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति, जिला शाखा गया के प्रजापति भवन में जदयू महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य शिवरानी प्रजापति के पहुंचने पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रजापति समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में माटी कला बोर्ड के गठन, कुम्हार समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने और समाज की लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और समस्याओं से एमएलसी को अवगत कराया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर
इस अवसर पर शिवरानी प्रजापति ने कहा कि जदयू के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा है।
उन्होंने कहा कि आज बिहार की महिलाएं पहले की तुलना में अधिक जागरूक हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। पहले जहां महिलाएं घर की चारदीवारी से बाहर निकलने में संकोच करती थीं, वहीं अब पंचायत से लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों तक उनकी भागीदारी देखने को मिल रही है।
शिवरानी प्रजापति ने कहा कि महिलाओं को अभी और जागरूक किए जाने की आवश्यकता है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
जीविका जैसी योजनाओं का किया उल्लेख
एमएलसी ने कहा कि वर्ष 2006 में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने तथा जीविका जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए कार्यों के लिए वह नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि वह उनके साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने का काम करेंगी और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
समाज के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विनोद कुमार, द्वारिका प्रजापति, नन्दलाल प्रजापति, संतोष हरिज प्रजापति, धर्मेंद्र प्रजापति, सुदामा प्रजापति, काल बाबू प्रसाद, मोहन प्रजापति, सुनीला पंडित, विष्णु प्रजापति, पूर्व अध्यक्ष जलेन्द्र कुमार, ज्ञान दत्त प्रजापति, विनोद प्रजापत, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, छोटू प्रजापति, सुमन प्रजापति, पिंटू प्रजापति और रविंद्र प्रजापति समेत अन्य लोग मौजूद रहे।







