Movie prime

विधानसभा में ‘पगड़ी’ पर मुस्कान, 213 करोड़ की योजना पर गंभीर सवाल: आईपी गुप्ता की मांग पर गूंजा सदन

 
विधानसभा में ‘पगड़ी’ पर मुस्कान, 213 करोड़ की योजना पर गंभीर सवाल: आईपी गुप्ता की मांग पर गूंजा सदन
Bihar political news: बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान आज एक तरफ विकास योजना पर तीखी चर्चा हुई, तो दूसरी ओर हल्के-फुल्के अंदाज ने माहौल को खुशनुमा भी बना दिया। मामला सहरसा नगर निगम की बहुचर्चित वाटर ड्रेनेज योजना से जुड़ा था, जिसकी मूल लागत 213 करोड़ रुपये बताई गई थी, लेकिन बाद में 137 करोड़ रुपये की ही प्रशासनिक स्वीकृति मिलने का मुद्दा उठाया गया।

213 करोड़ से 137 करोड़ कैसे?

विधायक आईपी गुप्ता ने सदन में सवाल खड़ा किया कि जब योजना 213 करोड़ रुपये की थी, तो आखिर 137 करोड़ रुपये की ही मंजूरी क्यों दी गई? जानकारी के अनुसार, नगर विकास विभाग में प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत करीब 27 प्रतिशत राशि की कटौती के बाद स्वीकृति प्रदान की गई थी।

गुप्ता ने इस पूरे मामले की समीक्षा कराने और स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

“आज पगड़ी खोलकर आए हैं…”

बहस के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया जब आईपी गुप्ता ने पूरक प्रश्न पूछते हुए कहा, “सर, आज हम अपनी पगड़ी भी खोलकर आए हैं… समाधान ठोस होना चाहिए।”
उनकी इस टिप्पणी पर सदन में मौजूद सदस्य मुस्कुरा उठे और कुछ देर के लिए माहौल हल्का हो गया।

विजय सिन्हा का जवाब

डिप्टी सीएम विजय सिंहा ने जवाब देते हुए कहा कि योजना के फेज-2 के निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और काम प्रगति पर है। उन्होंने हंसते हुए कहा, “पगड़ी सम्मान का प्रतीक है, उसे नहीं खोलना चाहिए… लेकिन अब खोल ही दिए हैं तो इनकी समस्या का समाधान जरूर किया जाएगा।”

उनकी इस टिप्पणी पर सदन में ठहाके गूंज उठे।

हालांकि माहौल कुछ पल के लिए हल्का जरूर हुआ, लेकिन 213 करोड़ की मूल योजना में कटौती और उसके असर को लेकर उठे सवालों ने सरकार को स्पष्ट जवाब देने के लिए मजबूर कर दिया। अब देखना होगा कि समीक्षा की मांग पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।