सोनिया गांधी ने लालू प्रसाद यादव से की मुलाकात, जाना स्वास्थ्य का हाल, लालू बोले- 'पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं'
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की. वह दिल्ली में लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पर पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने लालू यादव का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. मुलाकात के दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे.
लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा, "आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पहुंच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की. इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुई.
इस मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी और लालू यादव ने यूपीए सरकार के समय को भी याद किया. इस दौरान चर्चा हुई कि कैसे उस दौर में युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के लिए पारदर्शी और जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं.
दोनों नेताओं ने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (RTE) और सूचना का अधिकार (RTI) जैसे कानूनों का भी जिक्र किया, जिनके जरिए देश के लोगों को सशक्त बनाने की कोशिश की गई थी. इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए किए गए कामों को भी याद किया गया.
मुलाकात के दौरान बताया गया कि यूपीए सरकार के समय बिहार को विकास कार्यों के लिए 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई थी.
सोनिया गांधी और लालू यादव की इस मुलाकात को दोनों परिवारों के पुराने राजनीतिक और व्यक्तिगत रिश्तों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. दोनों नेता यूपीए सरकार के दौरान साथ काम कर चुके हैं. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब लालू यादव स्वास्थ्य संबंधी देखभाल के लिए दिल्ली में हैं







