Newshaat_Logo

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क को बताया संगठन की ताकत

बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पार्टी की कोर कमिटी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया
 
संजय सरावगी

पटना: बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पार्टी की कोर कमिटी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार संगठन के प्रभारी हरीश द्विवेदी, सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संगीता यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया उपस्थित रहे। 

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, सांसद राधामोहन सिंह एवं संजय जायसवाल, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा और दिलीप जायसवाल तथा विधायक मंगल पांडेय,एवं राष्ट्रीय संगठक केंद्र पूर्णिया अनंत नारायण मिश्रा भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने संगठनात्मक कार्यों में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी की ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को लगातार सक्रिय बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और संपर्क आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। इसके लिए पार्टी के जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों में जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए। सरकार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुनना जरूरी है।

बैठक में आगामी दिनों में होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संगठन के विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों के संचालन, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और निर्धारित कार्ययोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की।