Newshaat_Logo

पटना में छात्रों का लोकभवन मार्च, बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े, वोट चोर-गद्दी छोड़' 'ज्ञानु को भेजो जेल के लगा रहे नारे

बिहार की राजधानी पटना में SIR की प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है।
 
Vote

बिहार की राजधानी पटना में SIR की प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को AISA और RYA के नेतृत्व में छात्र लोकभवन मार्च के लिए सड़कों पर उतरे। छात्रों ने गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से मार्च शुरू किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र

छात्रों के मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की थी। लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए होटल मौर्या के पास भी बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पोस्टरों के जरिए सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना

प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने साथ कई तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे हैं। इन पोस्टरों पर लिखे नारों के जरिए छात्र SIR की प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध जता रहे हैं। एक पोस्टर पर लिखा है, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ वहीं, दूसरे पोस्टर पर भोजपुरी में नारा लिखा है, ‘तोहर कुर्सी उड़ा देब प्रोटेस्ट से।’ इसके अलावा एक पोस्टर पर लिखा है, ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में।’

प्रशासन ने गर्दनीबाग में प्रदर्शन करने का दिया निर्देश

इधर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन केवल गर्दनीबाग स्थित निर्धारित स्थल पर ही किए जाएं। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आम लोगों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। निर्धारित स्थल के अलावा दूसरे स्थानों पर प्रदर्शन से शहर में जाम की स्थिति पैदा होती है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

SIR के खिलाफ विरोध, माले विधायक ने उठाए सवाल

वहीं, SIR की प्रक्रिया के विरोध में माले विधायक संदीप सौरव ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर संकट छाया हुआ है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल विपक्ष का आरोप नहीं है, बल्कि इस मुद्दे पर कई खुलासे भी हुए हैं। उन्होंने दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद SIR की पूरी प्रक्रिया जारी रहने को लेकर सवाल उठाए।

फिलहाल, पटना में छात्रों का मार्च और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा में है। छात्रों की मांग है कि SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए।