Newshaat_Logo

SIR पर छात्रों का हल्लाबोल! ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लोकभवन मार्च करेंगे छात्र

SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर आज पटना में छात्र-युवा संगठनों की ओर से लोक भवन मार्च किया जाएगा
 
संदीप

SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर आज पटना में छात्र-युवा संगठनों की ओर से लोक भवन मार्च किया जाएगा। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के नेतृत्व में यह प्रदर्शन होगा। सुबह 11 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास सभी छात्र जुटेंगे।

SIR के जरिए मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने, चुनाव आयोग की भूमिका और देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ ये प्रदर्शन किया जा रहा है।

वहीं, दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि प्रदर्शन केवल गर्दनीबाग स्थित निर्धारित स्थल पर ही किए जाएं। प्रशासन के अनुसार तय स्थल के अलावा किसी अन्य स्थान पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा, यातायात का सुचारू संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अन्य स्थानों पर प्रदर्शन होने से शहर में जाम की स्थिति बनती है और लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।

इससे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, न्यायालय जैसे संस्थानों के कामकाज पर असर पड़ता है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। आपातकालीन सेवाओं, एम्बुलेंस, बुजुर्गों, बीमार लोगों और स्कूली बच्चों के आवागमन में भी दिक्कतें बढ़ती हैं।

माले विधायक संदीप सौरव ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर एक संकट छा गया है। यह सिर्फ विपक्ष का आरोप नहीं है, बल्कि कई खुलासे भी हुए हैं। दो चुनाव आयुक्त के विपत्ति के बावजूद SIR की पूरी प्रक्रिया की गई।

हर आठवें वोटर का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। केंद्र में दो परसेंट के मार्जिन से सरकार चल रही है। इसके अलावा चुनाव आयोग की जो केंद्रीय वेबसाइट है, उसमें वोटर लिस्ट को लेकर जो सुधार की जा सकती थी, वह भी अधिकार स्थानीय अधिकारी से छीन लिया गया। ज्ञानेश कुमार ने अपनी टीम बनाकर भाजपा के पक्ष में इसे मॉनिटर करवाया।

इधर प्रदर्शन को लेकर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संगठनों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से रखने के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल का ही उपयोग करें। साथ ही, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और आम नागरिकों की सुविधा बनाए रखने में जिला प्रशासन को सहयोग करें।

प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित स्थल के अलावा दूसरी जगह धरना-प्रदर्शन करने, जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।