तेज प्रताप यादव बंगाल में लड़ेंगे चुनाव, 1 फरवरी को जनशक्ति जनता दल ले सकता है बड़ा फैसला
Bihar news: जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अब बिहार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी सक्रिय नजर आएंगे। पार्टी ने संकेत दिया है कि तेज प्रताप यादव बंगाल में चुनाव लड़ेंगे। साथ ही 1 फरवरी को होने वाली पार्टी की अहम बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
गणतंत्र दिवस के मौके पर जनशक्ति जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह राठौड़ ने बिहारवासियों और मीडिया को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि तेज प्रताप यादव किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।
1 फरवरी को होगी कार्यकारिणी की अहम बैठक
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 1 फरवरी को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। खास तौर पर पार्टी में अनुशासन बनाए रखने और पूरे बिहार में संगठन को मजबूत करने की योजना पर मंथन किया जाएगा।
सकारात्मक राजनीति पर जोर
जय सिंह राठौड़ ने कहा कि जनशक्ति जनता दल नकारात्मक राजनीति से दूर रहती है। उन्होंने साफ किया कि बिहार सरकार के मुद्दों पर पार्टी की चुप्पी को गलत तरीके से न देखा जाए। जेजेडी ब्लेम गेम की राजनीति नहीं करती और हर मुद्दे पर सोच-समझकर और सकारात्मक तरीके से अपनी बात रखती है।
पश्चिम बंगाल में भी उतरेगी जेजेडी
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी आने वाले समय में स्थानीय निकायों के उपचुनाव और शिक्षकों के चुनाव में मजबूती से हिस्सा लेगी। इसके साथ ही जनशक्ति जनता दल पश्चिम बंगाल में भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। जिन इलाकों में बिहारी आबादी अधिक है, वहां पार्टी विशेष ध्यान देगी। पार्टी को भरोसा है कि बंगाल में भी वह एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े सभी बड़े फैसलों और कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर मीडिया के माध्यम से दी जाती रहेगी। 1 फरवरी की बैठक को संगठन के भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।







