बिहार चुनाव से पहले तेज प्रताप की नई चाल, आधी रात को किया बड़ा ऐलान-अब ब्लैक बोर्ड पर मांगेंगे वोट
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, सियासी हलचल और भी तेज होती जा रही है। एक ओर महागठबंधन में सीट बंटवारे और सीएम फेस पर सहमति नहीं बन पा रही है, वहीं दूसरी ओर राजद के लिए एक और नई मुश्किल खड़ी हो गई है। लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अब चुनावी मैदान में अपनी नई पार्टी के साथ पूरी तरह उतरने का ऐलान कर दिया है।
आधी रात को ट्वीट से बढ़ाई टेंशन
तेज प्रताप यादव ने गुरुवार देर रात लगभग 2 बजे सोशल मीडिया पर अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल का पोस्टर जारी करते हुए चुनाव चिह्न की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी का सिंबल “ब्लैक बोर्ड” होगा।

ट्वीट में तेज प्रताप ने लिखा- “हमलोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तत्पर हैं। हमारा लक्ष्य नई व्यवस्था का निर्माण करना और राज्य को संपूर्ण बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाना है।”
लालू-तेजस्वी की बढ़ी चिंता
तेज प्रताप को राजद सुप्रीमो लालू यादव पहले ही पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए निष्कासित कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई और अब चुनाव चिह्न का ऐलान कर उन्होंने राजद को सीधी चुनौती दे दी है।
पोस्टर में नारा दिया गया है- “जन जन की शक्ति, जन जन का राज… बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप।”
तेज प्रताप ने यह भी साफ किया है कि वे महुआ सीट से चुनाव लड़ेंगे। लगातार बागी तेवर और पार्टी पर हमले ने राजद खेमे में हलचल मचा दी है। तेजस्वी यादव और लालू यादव की मुश्किलें चुनावी सीजन में और बढ़ती दिख रही हैं।







