Newshaat_Logo

तेजस्वी बोले- ललन सिंह को जेडीयू में पूछता ही कौन है, वो मुंह फुलाकर घूमते रहते हैं

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे. लेकिन इससे पहले बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार तेज हो गया है
 
तेजस्वी यादव

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे. लेकिन इससे पहले बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार तेज हो गया है. लालू परिवार कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम 'नीतीश सेतु' करने का विरोध कर रहे हैं. जबकि सत्ता पक्ष का कहना है कि पुल के बनने में नीतीश कुमार के अलावा किसी भी नेता का योगदान नहीं है.

इस बीच तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर हमला बोला. ललन सिंह ने तेजस्वी यादव को नॉन सीरियस नेता बताया था. इस पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, ललन सिंह को जेडीयू में पूछता ही कौन है. वो मुंह फुलाकर घूमते रहते हैं. पुल के बनने में केंद्र सरकार का 1 रुपये का भी योगदान नहीं है. सब हमारे उस समय की सरकार ने किया.

तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, इनसे (विजय चौधरी) पूछिएगा कि पुल का जब काम शुरू हुआ था, तब किसकी सरकार बिहार में थी. सरकार का गठबंधन किसके साथ था. इस तरह से लगातार 'नीतीश सेतु' को लेकर कंट्रोवर्सी तेज है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार देखने के लिए मिल रहा है.

कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के बिदुपुर तक बना यह सिक्स लेन पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को मजबूत करेगा. इस परियोजना का राघोपुर तक का हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है. अब राघोपुर से बिदुपुर तक के शेष हिस्से का लोकार्पण 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे.

पुल शुरू होने से मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के लोगों को फायदा होगा. पटना पहुंचना पहले के मुकाबले आसान होगा. इसके साथ ही उत्तर बिहार और राजधानी के बीच माल ढुलाई तथा परिवहन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है.