तेजस्वी बोले- पेपर लीक का नालंदा से क्यों जुड़ता है तार, विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बनने के लायक नहीं
बिहार में बीपीएससी एग्जाम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर पेपर लीक कराने का आरोप लगा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पेपर लीक के पीछे आरजेडी के लोगों का हाथ बताया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि विजय सिन्हा तो डिप्टी सीएम बनने के लायक ही नहीं है।
तेजस्वी यादव इन दिनों कार्यकर्ता संवाद यात्र पर हैं। शनिवार को वो कटिहार में थे। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने विजय सिन्हा के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विजय सिन्हा बेकार में डिप्टी सीएम बन गए हैं। डिप्टी सीएम बनने की कोई क्वालिटी नहीं है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर पेपर लीक में आरजेडी के लोग शामिल हैं, तो वो किस बात के मंत्री हैं। हाथ पर हाथ रखकर बैठे हुए हैं।
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश पर भी वार किया। उन्होंने कहा कि सीएम बड़े से बड़े मुद्दे पर चुप्पी साधे रहते हैं । देश के इतिहास में पहली बार हुआ कि इस बार विधानसभा हो या विधान परिषद सीएम नीतीश कुमार ने एक शब्द भी नहीं कहा। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि वह सदन में मौन थे उन्हें बोलने नहीं दिया जाता है। अब तो यह बात तो नीतीश कुमार ही बताएंगे कि वह क्यों नहीं बोल पाते हैं।
बिहार में राजद की सरकार बनी तो माई बहिन मान योजना लागू करेंगे। महिलाओं को हर माह ₹2500 उनके खाते में दिए जाएंगे। वहीं 200 यूनिट बिजली भी फ्री दी जाएगी। वृद्धा पेंशन 400 से बढ़कर 1500 किया जाएगा महिलाएं सबसे ज्यादा महंगाई की मार झेल रही हैं। तेजस्वी ने कहा कि स्मार्ट मीटर, जमीन सर्वे से लोग परेशान हैं।