Movie prime

अखिलेश के दावे पर तेजस्वी का तंज, बोले- जो खुद सीटें तय नहीं करते उनकी बात क्या करना

 

बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले अब इस बात के कयास लगाए जाने लगे हैं कि कांग्रेस और राजद के बीच क्या सबकुछ ठीक चल रहा है? दरअसल यह सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्यो्ंकि हाल ही में बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने दावा किया था कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस अध्यक्ष के इस दावे पर तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कह दिया है कि जो खुद सीटेंं तय नहीं करते उनकी क्या बात करना।

दरअसल रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा था कि कांग्रेस पिछली बार (2020) से कम सीटों पर 2025 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। पार्टी पिछली बार 70 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल के 101 वर्ष पूरा होने पर कांग्रेस नेता ने यह ऐलान किया था।

कार्यकर्ता संवाद पर निकले तेजस्वी यादव से सहरसा में अखिलेश सिंह के दावे के संबंध में जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो सीट तय नहीं करते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा, ‘अभी कोई आधिकारिक चर्चा इसपर हुई ही नहीं है। कौन क्या बोलता है उससे क्या मतलब है। आप लोग तो किसी को भी नेता बना देते हैं। बिहार की राजनीति में जिसको ना हम पहचानते हैं ना कोई और जानता है। आप उसकी बात ला कर सवाल पूछ रहे हैं। जो खुद तय नहीं कर सकता है। कांग्रेस में फैसले लेने वाला कौन है? जो फैसले लेने वाला है उसकी बात होनी चाहिए।’