Newshaat_Logo

तेजस्वी यादव बोले- अंग्रेजों के सामने जिनकी पैंट गीली हो जाती थी, वे आज हमारी बहन-बेटियों को पीट रहे हैं

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है
 
तेजस्वी यादव

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के सहयोग से प्रदर्शनकारियों को पीटा जा रहा है. तेजस्वी ने इसे RSS की गुंडागर्दी बताया. साथ ही सवाल किया कि इस घटना पर संघ प्रमुख मोहन भागवत क्या कहेंगे.

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति होने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए वे हर कुर्बानी देने को तैयार हैं.

तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, “पूरा देश RSS की गुंडागर्दी देख रहा है. अंग्रेजों के सामने जिनकी पैंट गीली हो जाती थी, वो RSS के गुंडे पुलिस के सहयोग से अब सरेआम हमारी बहन-बेटियों को पीट रहे हैं.”

उन्होंने आगे लिखा, “ये संघी हमेशा महिला विरोधी रहे हैं. इस गुंडागर्दी पर मोहन भागवत क्या कहेंगे?” तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर एक व्यक्ति को बचाने के लिए पूरे देश में अघोषित आपातकाल लागू करने का आरोप भी लगाया.

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि वे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हैं. उन्होंने केंद्र सरकार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन और लोगों के अधिकारों को दबाने का आरोप लगाया.