Movie prime

तेजस्वी यादव ने दिखाया लालू वाला अंदाज, खेत में जाकर किसान से खरीदी गोभी, छपरा में दिखा गंवई अंदाज

 

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। तेजस्वी अपने पिता की तरह लोगों के दिलों में जगह बनाने की कोशिश में जुटे हैं। इसकी झलक सारण जिले में देखने को मिली। दरअसल तेजस्वी यादव इन दिनों सारण प्रमंडल के दौरे पर हैं। यहां आम लोगों से मिल रहे हैं और उनका हाल जान रहे हैं। तेजस्वी यादव का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें तेजस्वी यादव एक किसान के खेत से गोभी खरीदते और लोगों की मदद करते दिख रहे हैं।

मामला छपरा के दिघवारा का बताया जा रहा है। तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह आम लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनका यह अंदाज लोगों को पसंद आ रहा है। वीडियो में तेजस्वी एक किसान से एक बोरी भरकर गोभी खरीदते दिख रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि वे यह गोभी लालू जी को खिलाएंगे। उन्होंने किसान को गोभी के पैसे भी दिए।

तेजस्वी किसानों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में लगी अच्छी गोभी देखी तो उन्होंने किसान से गोभी का रेट पूछा और न सिर्फ गोभी खरीदी, बल्कि खेत में काम कर रही महिलाओं को भी पैसे दिए। उन्होंने वहां मौजूद एक छात्रा की भी आर्थिक मदद की। तेजस्वी का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। कई लोग उनकी सादगी की तारीफ कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे चुनावी स्टंट भी बता रहे हैं।