बक्सर में कल कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा में शामिल होंगे तेजस्वी यादव, कार्यकर्ताओं से करेंगे बातचीत
कल बुधवार को बक्सर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहुंचने वाले है। जिसकी जानकारी जिला प्रभारी एमएलसी अशोक पांडेय ने दी है। 8 जनवरी को आशीर्वाद मैरेज हॉल में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
यह कार्यक्रम का समय सुबह 11:40 से 2:40 बजे दोपहर तक चलेगा। हॉल में जिले के पंचायत से लेकर जिला स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बैठक करेंगे। इस दौरान आगामी चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए जरूरी मंत्र भी दे सकते है।
एमएलसी जिला प्रभारी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि तेजस्वी यादव कैमूर में कार्यक्रम करने के बाद बाई रोड आज शाम में ही जिला के अतिथि गृह पहुंच जायेंगे। जिसके बाद कल आठ बजे से बक्सर में कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष , प्रखंड अध्यक्ष, और जिला कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ संवाद करेंगे।
वे पार्टी के भीतर समन्वय और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर देंगे। आगे बताया गया की इस दौरान यह भी बताया जाएगा कि किस तरह जनता के बीच महागठबंधन के संदेश और नीतियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम का एक अन्य महत्वपूर्ण उद्देश्य महागठबंधन सरकार द्वारा पिछले 17 महीनों में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने की योजना तैयार करना है। नेता प्रतिपक्ष कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपेंगे कि वे जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से रखें और विपक्ष के आरोपों का सटीक जवाब दें। सभा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा पास निर्गत किया गया है। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है।