Movie prime

तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम का आज होगा समापन, कार्यकर्ताओं से सीधा करेंगे संवाद

 

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 'कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद' कार्यक्रम के तहत आज पटना में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। एसके मेमोरियल हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।

तेजस्वी ने 5 महीने पहले 10 सितंबर 2024 को समस्तीपुर से संवाद कार्यक्रम शुरू किया था। अब तक 37 जिलों के 229 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर चुके हैं। राजद का दावा है कि संवाद कार्यक्रम अभूतपूर्व और कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह से भरा रहा। गांवों की समस्याओं को तेजस्वी यादव के सामने रखा गया। राज्य के लोग बेरोजगारी, पलायन, मंहगाई, गरीबी, अपराध और भ्रष्टाचार से परेशान हैं।

11 सितंबर 2024 को समस्तीपुर में तेजस्वी यादव ने कहा था, 'हमारी सरकार बनी तो हम 200 यूनिट तक फ्री बिजली देंगे। लोग महंगे बिजली बिल से परेशान हैं। प्रीपेड मीटर की शिकायत कर रहे हैं। देश में सबसे महंगी बिजली बिहार में मिलती है। हम लोग नया बिहार बनाना चाहते हैं।'

'बिजली का बिल सही नहीं आ रहा है। इसका समाधान हमारी सरकार करेगी। कार्यकर्ता संवाद यात्रा में कार्यकर्ताओं की बातों को हम नोट कर रहे हैं। हमें जनता और बिहार की चिंता है। नीति आयोग की रिपोर्ट देखें तो बिहार में सबसे ज्यादा गरीबी है। प्रति व्यक्ति आय में बिहार काफी पीछे है। पलायन में बिहार आगे है।'

बेगूसराय में 6 दिसंबर 2024 को तेजस्वी यादव ने कहा, 'हमारी सरकार बनी तो वृद्ध, दिव्यांग और महिला को प्रत्येक महीने 1500 रुपए पेंशन मिलेंगे। 200 यूनिट फ्री मिलेगी बिजली। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बुजुर्गों को लाभ मिलेगा।'