तेजस्वी का 37वां बर्थडे, आधी रात को काटा केक, लालू-राबड़ी समेत पूरा परिवार रहा मौजूद
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार (9 नवंबर 2026) को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं. उनके जन्मदिन को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है. पटना से लेकर राज्य के अलग-अलग जिला कार्यालयों तक जश्न की तैयारी की गई है. तेजस्वी ने जन्मदिन की शुरुआत आधी रात को परिवार के साथ केक काटकर की. इस दौरान उनके माता-पिता, भाई और बहन सहित परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे.
आधी रात को तेजस्वी यादव के आवास पर जन्मदिन का आयोजन हुआ. इसमें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़े भाई तेज प्रताप यादव और पत्नी राजश्री शामिल हुईं. परिवार के सदस्यों ने तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी. सभी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की. इस दौरान घर में खुशी का माहौल रहा. खास बात ये रही कि पूरा परिवार मौजूद रहा.
तेजस्वी की बड़ी बहन और सांसद मीसा भारती ने उन्हें केक खिलाया. उन्होंने छोटे भाई को जन्मदिन की बधाई और आशीर्वाद दिया. परिवार के साथ केक काटने के बाद तेजस्वी को शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर भी समर्थक और पार्टी नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं.
जन्मदिन के मौके पर पटना स्थित राजद के प्रदेश कार्यालय में भी विशेष आयोजन किया जाएगा। यहां 37 पाउंड का केक काटकर तेजस्वी यादव का जन्मदिन मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, युवा नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है।







