बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी का नीतीश पर वार: “20 साल में कुछ नहीं किया, अब हमारी नकल कर रही सरकार”
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, सियासी घमासान और तेज होता जा रहा है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार पर सीधा हमला बोला है।
“20 साल से सत्ता में, जनता को मिला क्या?”
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते दो दशकों में बिहार की हालत किसी से छुपी नहीं है। अपराध, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “20 साल से सत्ता में रहने वालों ने पेंशन ₹400 से ज्यादा क्यों नहीं बढ़ाया? अब जब हम वादा करते हैं तो वही बातें दोहराई जा रही हैं। हमारी योजनाओं की नकल करने से कुछ नहीं होगा।”
मां-बहन सम्मान योजना पर पलटवार
मंत्री विजय चौधरी द्वारा लगाए गए फर्जी फॉर्म भरने के आरोप पर भी तेजस्वी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह आरोप पूरी तरह निराधार है।
“हमारी सरकार के दौरान लोक शिक्षा विभाग से फॉर्म भरवाए जा रहे थे, इसमें गलत क्या है? लोग सुरक्षा के साथ फॉर्म भर रहे हैं। दरअसल इनकी जमीन खिसक रही है, इसलिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।”
मोदी पर ट्रंप की तारीफ और तेजस्वी का तंज
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ पर तेजस्वी ने व्यंग्य किया, “अब क्या यहां 50 से 70 प्रतिशत टैरिफ बढ़ने वाला है?”
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना।
“पटना यूनिवर्सिटी को बर्बाद कर दिया”
तेजस्वी यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर भी नीतीश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कभी पटना यूनिवर्सिटी में 70 वोकेशनल कोर्स चलते थे, लेकिन पिछले 20 साल में 56 कोर्स बंद हो गए। नियमित शिक्षक नहीं हैं, लैब-लाइब्रेरी नहीं है, किताबें नहीं हैं, प्लेसमेंट सेल की व्यवस्था नहीं है। 108 साल पुरानी यूनिवर्सिटी को बीजेपी-नीतीश सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
“जनता चाहती है नई सोच वाली सरकार”
तेजस्वी ने कहा कि एनडीए सरकार ने युवाओं को रोजगार और शिक्षा की जगह नफरत और जुमले दिए।
“दो पीढ़ियां बर्बाद हो चुकी हैं। अब जनता भ्रष्ट एनडीए को हटाकर नई सोच, नए विजन और युवाओं की सरकार चाहती है।”







