सीतामढ़ी हत्याकांड पर तेजस्वी का बड़ा हमला, बोले- सम्राट चौधरी के CM बनते ही बेलगाम हुए अपराधी
Bihar Political News: सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य खुश्दिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बिहार में बढ़ते अपराध का आरोप लगाया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अब ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता, जब हत्या या किसी गंभीर आपराधिक घटना की खबर सामने न आए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद स्थिति और बिगड़ी है। तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि आम लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
सुबह टहलने निकले थे बैद्यनाथ महतो
मामला सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया का है। बैद्यनाथ महतो शनिवार सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी खुश्दिल देवी जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य हैं।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी के घर में आग लगा दी, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस से भिड़ी भीड़, कई गाड़ियों में तोड़फोड़
हालात को संभालने के लिए करीब 12 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। एसपी और एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसी दौरान पुलिस और आक्रोशित भीड़ के बीच झड़प हो गई।
भीड़ के हमले में ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, भीड़ द्वारा पुलिस की करीब आठ गाड़ियों में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस इलाके में स्थिति सामान्य करने और मामले को नियंत्रित करने में जुटी है।
बाढ़ को लेकर भी केंद्र पर निशाना
तेजस्वी यादव ने बिहार में जारी बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ से जूझ रहे बिहार को केंद्र से पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है और राज्य के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बाढ़ प्रभावित लोगों को पर्याप्त राहत और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब राज्य के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं, तब केंद्र सरकार का कोई बड़ा नेता प्रभावित इलाकों का जायजा लेने बिहार क्यों नहीं पहुंचा।
‘चुनाव में आते हैं बड़े नेता, बाढ़ में क्यों नहीं?’
तेजस्वी यादव ने भाजपा शासित दूसरे राज्यों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वहां से भी बिहार की मदद के लिए कोई बड़ी पहल नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा के बड़े नेता बिहार पहुंचते हैं, लेकिन जब राज्य बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति से गुजर रहा है, तब प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने वाला कोई नहीं दिख रहा।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार का खजाना सीमित है और आपदा की इस घड़ी में केंद्र से पर्याप्त सहयोग मिलना जरूरी है। उन्होंने सरकार से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर ठोस कार्रवाई की मांग की।







