टेलीकम्यूनिकेशन ने दुनिया को जोड़ा, समाज निर्माण में निभा रहा अहम भूमिका: विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार
Patna: बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विश्व दूरसंचार दिवस के अवसर पर समस्त संचार प्रौद्योगिकीविदों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं अन्वेषकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि विचारों, भावनाओं और सूचनाओं के आदान-प्रदान के बिना जीवन की कल्पना करना कठिन है. ऐसे में युगांतरकारी “संचार” मानव जीवन का आधार है, जो लोगों को एक-दूसरे से जोड़ता है, संबंधों को मजबूत करता है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि विश्व दूरसंचार दिवस का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर टेलीकम्यूनिकेशन के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इससे जुड़ी नवीनतम प्रौद्योगिकियों और उनके उपयोग को प्रोत्साहित करना है.
उल्लेखनीय है कि यह दिवस अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) की वर्ष 1865 में हुई स्थापना की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है. वर्ष 2005 में संयुक्त राष्ट्र महासभा की घोषणा के बाद इसे आधिकारिक रूप से विश्व दूरसंचार दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई.







