कांग्रेस की बैठक प्रदर्शन मात्र है, इंडी गठबंधन बिखरा है, एसआईआर पर आरजेडी-कांग्रेस की अफवाहें बेबुनियाद
पटना: भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के भीतर आज न कोई स्पष्ट नीति बची है, न बिहार की भलाई के लिए कोई नियत, और न ही कोई ऐसा संगठनात्मक स्वरूप जो मैदान में खड़ा दिखे। उनकी बैठकें समीक्षा या निर्णय का मंच नहीं, बल्कि केवल प्रदर्शन और दिखावा बनकर रह गई हैं।
इंडी गठबंधन में सीट बंटवारे से लेकर नेतृत्व तक असमंजस : बीजेपी
नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि यही हाल पूरे इंडी गठबंधन का है। सीट बंटवारे पर खींचतान, नेतृत्व पर असमंजस और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप ने गठबंधन को भीतर से बिखेर दिया है। न साझा एजेंडा है, न साझा संकल्प। जो गठबंधन अपने भीतर एकजुट नहीं रह सकता, वह बिहार को स्थिर और निर्णायक सरकार कैसे दे सकता है।
एनडीए की बैठकें ठोस उद्देश्य से होती हैं, मिलकर लिए जाते हैं फैसले : नीरज शर्मा
नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि इसके उलट एनडीए की बैठकें ठोस उद्देश्य से होती हैं। वे समीक्षा के लिए होती हैं, संगठनात्मक सहयोग के लिए होती हैं, और हर निर्णय मिलजुलकर लिया जाता है। सरकार में भी और संगठन में भी एनडीए साथ-साथ कदमताल मिलाकर चलता है। बिहार की जनता को यही भाता है कि जो साथ चलते हैं, वही विकास के रास्ते पर आगे बढ़ते हैं।
राहुल गांधी में नेतृत्व करने की क्षमता नहीं बची : नीरज कुमार शर्मा
नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की तस्वीर इसके ठीक विपरीत है। वहां आपसी कलह इतनी गहरी है कि एक-दूसरे की बात मानने को कोई तैयार नहीं। न कोई स्थायी नेतृत्व है, न कोई दिशा। राहुल गांधी जी में नेतृत्व करने की क्षमता ही नहीं बची है। जब शीर्ष पर संकल्प और सामंजस्य नहीं होता, तो संगठन मैदान में खड़ा नहीं हो सकता।
एसआईआर पर आरजेडी-कांग्रेस फैला रही अफवाहें, विपक्ष की मजबूरी है राजनीति : बीजेपी
नीरज कुमार शर्मा ने एसआईआर के मुद्दे पर आरजेडी और कांग्रेस द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य शुद्ध और अद्यतन सूची तैयार करना है, ताकि हर पात्र मतदाता का नाम सुरक्षित रहे और फर्जी नाम बाहर हों। आरजेडी और कांग्रेस डर का माहौल बनाने, लोगों को भ्रमित करने और संवैधानिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने में लगी हैं।
अफवाहों से लोकतंत्र मजबूत नहीं होता : नीरज कुमार शर्मा
नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि अफवाह से लोकतंत्र मजबूत नहीं होता। जो प्रक्रिया नियम के अनुसार चल रही है, उस पर राजनीति करना विपक्ष की मजबूरी है, बिहार की जरूरत नहीं।
कानून-व्यवस्था, रोजगार और जनकल्याण पर एनडीए साथ-साथ : बीजेपी
नीरज कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि एनडीए बिहार में मजबूती के साथ विकास के लिए लगा है और आगे भी लगा रहेगा। कानून-व्यवस्था, रोजगार और जनकल्याण के हर मोर्चे पर एनडीए ने साथ चलकर फैसले लिए हैं और उन्हें जमीन पर उतारा है। जनता का अटूट साथ इसी भरोसे का परिणाम है।
बिहार को दिखावे की राजनीति नहीं, विकास के लिए एकजुट सरकार चाहिए : नीरज शर्मा
नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि बिहार को दिखावे की राजनीति और अफवाहों का गठबंधन नहीं, मिलजुलकर चलने वाली सरकार और संगठन चाहिए। एनडीए वही रास्ता अपनाए हुए है, और बिहार की जनता ने बार-बार इसी रास्ते पर मुहर लगाई है।







