Newshaat_Logo

बिहार की बेटियों का सपना नहीं टूटेगा! वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए CM सम्राट ने बढ़ाया मदद का हाथ

Patna: गोपालगंज की ताइक्वांडो खिलाड़ी रिया सिंह और भवानी सिंह का World Taekwondo Poomsae Championship 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है. CM सम्राट चौधरी ने दोनों को ₹2-2 लाख आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
 
BIHAR

Patna: बिहार के गोपालगंज की दो होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है। रिया सिंह और भवानी सिंह का चयन दक्षिण कोरिया में होने वाली World Taekwondo Poomsae Championship 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रतिभा ने दिलाया वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट, पैसों ने रोकी उड़ान; रिया-भवानी की मदद को आगे आए CM सम्राट

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का सपना आर्थिक परेशानी के कारण कहीं अधूरा न रह जाए, इसे देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों के लिए बड़ी मदद का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने रिया सिंह और भवानी सिंह को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इससे दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता की तैयारी और दक्षिण कोरिया की यात्रा से जुड़े खर्चों में मदद मिलेगी।

खिलाड़ियों ने मांगी थी आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों खिलाड़ियों के चयन और आर्थिक सहायता की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि गोपालगंज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भवानी सिंह और रिया सिंह का दक्षिण कोरिया में आयोजित World Taekwondo Poomsae Championship 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन होना बिहार और पूरे देश के लिए गर्व की बात है।



मुख्यमंत्री के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए व्यक्तिगत रूप से आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने यात्रा और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए आर्थिक सहायता का आग्रह किया था। इस आग्रह को स्वीकृति देते हुए दोनों खिलाड़ियों को ₹2-2 लाख की सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और बिहार का नाम रोशन करेंगी।

प्रतिभा ने दिलाया वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट, पैसों ने रोकी उड़ान; रिया-भवानी  की मदद को आगे आए CM सम्राट - Lalluram

शिक्षा मंत्री ने भी की थी खिलाड़ियों से मुलाकात

इससे पहले बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री और गोपालगंज की बैकुंठपुर विधानसभा सीट से विधायक मिथिलेश तिवारी ने भी रिया सिंह और भवानी सिंह से मुलाकात की थी। इस दौरान उनके साथ खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद थीं।

मिथिलेश तिवारी ने दोनों खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि गोपालगंज की धरती के दो होनहार सितारे अब विश्व पटल पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर निवासी रिया सिंह और बरौली के रतनसराय निवासी भवानी सिंह का वर्ष 2026 की World Taekwondo Poomsae Championship के लिए भारतीय टीम में चयन होना क्षेत्र और बिहार के लिए गर्व का विषय है।

2023 से लगातार कर रहीं शानदार प्रदर्शन

शिक्षा मंत्री ने बताया कि रिया सिंह और भवानी सिंह वर्ष 2023 से ताइक्वांडो फ्रीस्टाइल पुमसे में लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक सहित कई उपलब्धियां हासिल की हैं।

अब उनकी मेहनत उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले गई है। दोनों खिलाड़ी सितंबर में दक्षिण कोरिया में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगी।

16 से 21 सितंबर तक दक्षिण कोरिया में मुकाबला

World Taekwondo Poomsae Championship 2026 का आयोजन 16 से 21 सितंबर 2026 तक दक्षिण कोरिया के चिन्चुन शहर में किया जाएगा। यहां दुनिया भर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आर्थिक कठिनाइयों के बीच सरकार की ओर से मिली सहायता से दोनों खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की राह आसान होने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री ने भी कहा कि उनकी प्रतिभा के रास्ते में आर्थिक समस्या बाधा न बने, इसके लिए आवश्यक सहयोग और पहल सुनिश्चित की जाएगी।

'पूरा बिहार आपके साथ है'

मिथिलेश तिवारी ने रिया सिंह और भवानी सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी विश्व मंच पर भारत, बिहार और गोपालगंज का नाम गौरवान्वित करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है और पूरा बिहार उनके साथ है।