Newshaat_Logo

12 घंटे में दो बार सीएम आवास पहुंचे सम्राट! तेज हुई सियासी हलचल- ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ पर सस्पेंस बरकरार

 
12 घंटे में दो बार सीएम आवास पहुंचे सम्राट! तेज हुई सियासी हलचल- ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ पर सस्पेंस बरकरार
Political news: बिहार की राजनीति इस वक्त चरम पर है, जहां सत्ता परिवर्तन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार के गठन की चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सक्रियता ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।

महज 12 घंटे के भीतर दूसरी बार सम्राट चौधरी का सीएम आवास पहुंचना इस बात का साफ संकेत दे रहा है कि पर्दे के पीछे बड़ी राजनीतिक पटकथा लिखी जा रही है। शनिवार देर शाम हुई मुलाकात के बाद रविवार सुबह फिर से सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से करीब 25 मिनट तक बातचीत की। इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में अटकलों का दौर और तेज कर दिया है।

इधर, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय चौधरी ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार गठन की प्रक्रिया अब शुरू होने वाली है और “चंद दिनों में सब कुछ फाइनल हो जाएगा।” उनके इस बयान ने यह संकेत दे दिया है कि सत्ता परिवर्तन अब दूर नहीं है।

CM चेहरे पर BJP का फैसला अंतिम
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर जारी सस्पेंस पर विजय चौधरी ने दो टूक कहा कि यह फैसला भारतीय जनता पार्टी को ही करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी प्रक्रिया के तहत नाम तय करेगी, जिसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में उस नेता को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री चुना जाएगा।

कैबिनेट पर भी बना सस्पेंस
नई सरकार के गठन के साथ-साथ कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा तेज है, हालांकि विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि कैबिनेट बैठक की संभावना तो है, लेकिन इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है।

सियासी संकेत साफ बस ऐलान बाकी
लगातार हो रही हाई-लेवल मीटिंग्स, नेताओं की बढ़ती सक्रियता और बयानों के बीच यह साफ होता जा रहा है कि बिहार में सत्ता परिवर्तन की जमीन तैयार हो चुकी है। अब बस इंतजार है उस आधिकारिक ऐलान का, जो राज्य की राजनीति को नई दिशा देगा।