'पर्व सबके लिए होता है..' CM सम्राट चौधरी ने महादलित बस्ती में मनाई दिवाली
आज देशभर में दीपावलीका त्योहार मनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिवाली के अवसर पर पटना के दीघा आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी जी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की. साथ ही राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. इस अवसर पर सीएम ने वहां स्थित महादलित बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की. उनके साथ दीपावली का पर्व मनाया, उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बिहार के सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से विशेष आग्रह किया है कि वे आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर उनके साथ दीपावली का पर्व मनाएं. समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है. त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें.
बिहार वासियों और देशवासियों को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं देना चाहता हूं. मैंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आग्रह किया है कि जाकर आदिवासी, दलित, अति पिछड़ा समाज के भाइयों के बीच जाकर दिवाली पर्व मनाएं. पर्व सबके लिए होता है, इसलिए मैं खुद यहां आया हूं.
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 92 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा कि जो संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं. इसके लिए आगामी 1 दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा.
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर पीएम मोदी बिहार आ रहे हैं. उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिलेगी.







