Newshaat_Logo

बिहार में सत्ता का फाइनल खेल शुरू: CM हाउस से जदयू दफ्तर तक बैठकों का दौर, संजय झा के घर पहुंचे सभी नेता

 
बिहार में सत्ता का फाइनल खेल शुरू: CM हाउस से जदयू दफ्तर तक बैठकों का दौर, संजय झा के घर पहुंचे सभी नेता
Bihar political update: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी गतिविधियां अब चरम पर पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह(ललन सिंह) करीब एक घंटे तक मौजूद रहे, जहां दोनों नेताओं के बीच लंबी और अहम बैठक हुई।

CM हाउस के बाद संजय झा के घर मंथन

सीएम आवास से निकलने के बाद ललन सिंह सीधे जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे। यहां जारी बैठक में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी शामिल हुए।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में नई सरकार के गठन, मंत्रिमंडल के स्वरूप और संभावित नामों पर गहन चर्चा चल रही है।

मंत्री पद के दावेदारों पर मंथन

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मंत्री पद के दावेदारों और राजनीतिक-सामाजिक संतुलन को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। माना जा रहा है कि विजय चौधरी और श्रवण कुमार जैसे नेताओं की भूमिका नई सरकार में और मजबूत हो सकती है।

अंतिम चरण में सरकार गठन की तैयारी

लगातार हो रही बैठकों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। पार्टी के भीतर हर स्तर पर सहमति बनाने और गठबंधन के समीकरण साधने की कोशिश तेज हो गई है।

जमा खान का बड़ा बयान

इस बीच मंत्री जामा ख़ान ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री वही होगा, जिसे नीतीश कुमार का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेता चाहते हैं कि वे सरकार में शामिल हों। साथ ही उन्होंने साफ किया कि मंत्रिमंडल में कौन शामिल होगा, इसका अंतिम फैसला खुद नीतीश कुमार ही लेंगे। बिहार की सियासत में इस वक्त बैठकों का दौर तेज है और हर बैठक के साथ सत्ता परिवर्तन की तस्वीर और साफ होती जा रही है।