Movie prime

राज्यपाल ने प्रो० शशिनाथ झा द्वारा संपादित एवं अनूदित तीन ग्रंथों का लोकार्पण किया

 
Raj
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन के दरबार हॉल में कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा के पूर्व कुलपति प्रो० शशिनाथ झा द्वारा संपादित एवं अनूदित तीन ग्रंथों- कीर्तिलता, कीर्तिगाथा एवं कीर्तिपताका का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यापति द्वारा रचित इन ग्रंथों का हिन्दी, मैथिली एवं संस्कृत में संपादन एवं अनुवाद कर प्रो० शशिनाथ झा ने अत्यन्त सराहनीय कार्य किया है। इससे आम लोग इन ग्रंथों के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस चिरप्रतीक्षित कार्य को पूरा करने हेतु पांडुलिपियों के चयन, अध्ययन, परीक्षण और तथ्यों को विशुद्ध रूप में लोगों के सामने लाने में प्रो० झा को काफी परिश्रम करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि हमारे ग्रंथों के कुछ प्रक्षेपों को विकृत रूप में प्रस्तुत करते हुए इन्हें विघटनकारी रूप में प्रस्तुत किया जाता है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। हमें इन सबका निराकरण करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हमारा इतिहास काफी सम्पन्न और समृद्ध है। हमारी पुरातन संस्कृति के विषयों और पुस्तकों को सरल शब्दों में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है ताकि लोग
उन्हें आसानी से समझ सकें और नयी पीढ़ी उनके अध्ययन के लिए प्रवृत्त हो सके। इस अवसर पर प्रो० इन्द्रकांत झा सहित अनेक विद्वतजन उपस्थित थे।