‘फ्री बिजली’ का वादा और ‘महंगी बिजली’ का झटका! मुकेश सहनी का NDA पर हमला, बोले– जनता से हो रहा धोखा
साहनी ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय एनडीए ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा कर लोगों को लुभाया, लेकिन अब ‘पीक आवर’ के नाम पर वही जनता से ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम के समय, जब बिजली की खपत सबसे ज्यादा होती है, उसी दौरान दरें बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर सीधा असर डाला जा रहा है।
“पीक आवर” में बढ़ा बोझ
मुकेश साहनी के मुताबिक, अब शाम के समय 8.10 रुपये प्रति यूनिट, रात 11 बजे के बाद 7.10 रुपये और अन्य समय में 5.94 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था गरीब और मध्यम वर्ग के लिए भारी पड़ने वाली है।
महंगाई पर ‘डबल अटैक’
साहनी ने कहा कि पहले से ही गैस और अन्य जरूरत की चीजों की कीमतें बढ़ी हुई हैं, ऐसे में बिजली महंगी होना जनता के लिए दोहरी मार साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को जनता की परेशानियों से ज्यादा सत्ता सुख की चिंता है।
सरकार को दी सलाह
वीआईपी प्रमुख ने सुझाव दिया कि सरकार को पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाकर राहत देनी चाहिए थी, लेकिन इसके उलट बिजली महंगी कर दी गई। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती के बीच इस तरह का फैसला लोगों की मुश्किलें और बढ़ाएगा।
‘पीक आवर’ बिजली दरों को लेकर बिहार की सियासत गर्मा गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा केंद्र बन सकता है।







