बिहार में सत्ता परिवर्तन की पटकथा तैयार! 14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश, नई सरकार का शेड्यूल तय
6 अप्रैल से शुरू होगी सियासी हलचल
बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास पर जदयू की अहम कार्यकारिणी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे और आने वाले फैसलों पर मुहर लग सकती है।
दिल्ली दौरा और बड़े नेताओं से मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, 9 अप्रैल को नीतीश कुमार दिल्ली जाएंगे, जहां जदयू की राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी की बैठक होगी। इस दौरान उनकी मुलाकात Amit Shah और Narendra Modi से भी हो सकती है।
10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे और उसी दिन शीर्ष नेताओं से मुलाकात की संभावना है।
14 अप्रैल को इस्तीफा, NDA चुनेगा नया नेता
पटना लौटने के बाद 12 या 13 अप्रैल को NDA विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें नए नेता का चुनाव होगा। यही नेता बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
18 अप्रैल से पहले नई सरकार संभव
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 18 अप्रैल से पहले बिहार में नई सरकार का गठन हो जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है और सभी की नजरें अब आने वाले दिनों पर टिकी हैं।







