खगड़िया के मनमन बाबा का बढ़ा कद! JDU में मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने प्रदेश उपाध्यक्ष
Bihar Politics: जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठन विस्तार के तहत बिहार प्रदेश शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ में कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में खगड़िया जिले के प्रशांत गौरव उर्फ मनमन बाबा को बिहार प्रदेश जदयू शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निर्देशानुसार शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महासचिवों, प्रदेश सचिवों, प्रदेश प्रवक्ताओं, नगर अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की। इसी सूची में प्रशांत गौरव उर्फ मनमन बाबा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
पहले प्रदेश महासचिव की संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
प्रशांत गौरव उर्फ मनमन बाबा इससे पहले जदयू के प्रदेश महासचिव के पद पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन में उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मनमन बाबा ने कहा कि इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए उन पर विश्वास जताने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार का वे हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त करते हैं।
उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति भी आभार जताया।
शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को मजबूत करने का संकल्प
मनमन बाबा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।
उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने तथा प्रकोष्ठ की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर देने की बात कही।
कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह
प्रशांत गौरव उर्फ मनमन बाबा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद खगड़िया जिले के जदयू कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। खासकर युवा कार्यकर्ताओं में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने उनके मनोनयन पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को संगठनात्मक स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।







