वैशाली भाजपा में इस्तीफों का दौर जारी, भूमिहार नेताओं की लगातार विदाई से संगठन पर उठे सवाल
वैशाली भाजपा में नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। गुटबाजी, उपेक्षा और सम्मान की कमी का आरोप लगाते हुए जिला उपाध्यक्ष कुमार सौरभ शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद जिले में भाजपा के संगठनात्मक समीकरण और नेताओं की नाराजगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
इससे पहले युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं, भाजपा नेता नीरज शर्मा और सचिन शर्मा पार्टी छोड़कर चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) का दामन थाम चुके हैं। लगातार हो रही इन राजनीतिक विदाई के बीच एक खास बात भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पार्टी छोड़ने वाले इन नेताओं का संबंध भूमिहार समाज से है।
ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर वैशाली भाजपा में भूमिहार नेताओं के बीच नाराजगी क्यों बढ़ रही है? जिस जिले में सवर्ण समाज की राजनीतिक और सामाजिक भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है, वहां भाजपा से जुड़े नेताओं का लगातार पार्टी से दूरी बनाना संगठन के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
क्या भाजपा के भीतर गुटबाजी इतनी गहरी हो गई है कि पुराने और समर्पित कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं? क्या नाराजगी केवल संगठन में पद और जिम्मेदारी को लेकर है, या इसके पीछे सम्मान, राजनीतिक हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व का बड़ा सवाल भी है?
लगातार इस्तीफों से यह चर्चा भी तेज हो रही है कि संगठन के भीतर असहमति की आवाजों को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा है। हालांकि, इन नेताओं के पार्टी छोड़ने के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं, लेकिन एक के बाद एक सामने घटनाएं संगठन की आंतरिक स्थिति पर सवाल जरूर खड़े कर रही हैं।
देशभर में भाजपा के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक हिस्सेदारी एवं संगठन में उपेक्षा को लेकर उठती आवाजों के बीच वैशाली की घटनाएं भी एक नई बहस को जन्म दे रही हैं।
अब सवाल सिर्फ नेताओं के इस्तीफे का नहीं, बल्कि संगठन के भीतर बढ़ती नाराजगी का है। वैशाली भाजपा में लगातार विकेट गिर रहे हैं, लेकिन क्या पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी की वजह तलाशकर समाधान निकाल पाएगा, या फिर यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा?







