दाल में कुछ काला है': ऑपरेशन सिंदूर पर बोले राहुल गांधी, लोकसभा में भी छाया हंगामा
संसद के मानसून सत्र में एक बार फिर राजनीति गरम हो गई। राहुल गांधी ने बुधवार को संसद से बाहर निकलते ही केंद्र सरकार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर घेरा और अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा, सरकार कहती है ऑपरेशन चालू है, ट्रम्प कहते हैं सीजफायर करवा दिया।
राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "सरकार कहती है कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है, लेकिन ट्रम्प 25 बार बोल चुके हैं कि उन्होंने सीजफायर करवा दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि: "डोनाल्ड ट्रम्प कौन होते हैं ऐसे दावे करने वाले? ये उनका काम नहीं है। और पीएम मोदी इस पर चुप क्यों हैं? राहुल ने यह भी जोड़ा कि जब सरकार जवाब नहीं देती, तो लगता है दाल में कुछ काला जरूर है।
क्या विपक्ष मुद्दों पर घेर रहा है या सिर्फ माहौल बना रहा है?
एक तरफ राहुल गांधी सरकार की विदेश नीति और ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल खड़े कर रहे हैं, दूसरी तरफ विपक्ष अंदर सदन में बिहार से जुड़े मतदाता पुनरीक्षण जैसे मुद्दों पर दबाव बनाने में जुटा है। सरकार अब तक इन दोनों मुद्दों पर खुलकर जवाब नहीं दे रही है। जिससे संसद का हर दिन तनाव और टकराव से भरा नजर आ रहा है।







