Newshaat_Logo

कांग्रेस के ट्वीट पर बवाल: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- “यह बिहार का अपमान है”

 
कांग्रेस के ट्वीट पर बवाल: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- “यह बिहार का अपमान है”

Patna: कांग्रेस के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की सियासत में नई आग भड़का दी है। केरल कांग्रेस की ओर से किए गए एक ट्वीट में बीड़ी और बिहार का जिक्र कर कटाक्ष किया गया, जिसे लेकर विपक्ष और जनता दोनों में नाराज़गी बढ़ गई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे सीधे-सीधे “बिहार का अपमान” करार दिया और कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला।

विवादित ट्वीट से शुरू हुआ मामला

केरल कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा था,“बीड़ी और बिहार, दोनों बी से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।” इस पोस्ट के साथ एक टैक्स स्लैब चार्ट भी साझा किया गया था, जिसमें बीड़ी पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% करने का जिक्र था, जबकि सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर टैक्स 40% तक बढ़ाने की बात कही गई थी। हालाँकि बाद में यह ट्वीट डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक यह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।

सम्राट चौधरी का पलटवार

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पहले कांग्रेस नेताओं ने हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूजनीय माता जी का अपमान किया और अब पूरे बिहार का। यही है कांग्रेस का असली चेहरा, जो बार-बार सामने आ रहा है।”

पहले भी विवादों में रही कांग्रेस

यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का आरोप लगा हो। कुछ दिन पहले राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। उस घटना के विरोध में 4 सितंबर को बिहार बंद बुलाया गया था। खुद पीएम मोदी भी सार्वजनिक मंच से यह मुद्दा उठा चुके हैं और जनता से कांग्रेस व राजद को सबक सिखाने की अपील कर चुके हैं।

चुनावी असर से इनकार नहीं

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि कांग्रेस का यह विवादित पोस्ट बिहार जैसे संवेदनशील और राजनीतिक रूप से अहम राज्य में विपक्ष के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। भाजपा और सहयोगी दल लगातार इसे मुद्दा बनाकर कांग्रेस पर हमलावर हैं, जबकि कांग्रेस इसे केवल राजनीतिक कटाक्ष बता रही है।