मकर संक्रांति के मौके पर गंगा घाट पर उमड़ी भीड़:सैदपुर में कड़ाके की ठंड में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

आज यानी 14 जनवरी को मकर संक्रांति भौम-पुष्य योग में मनाई जा रही है। यह संयोग 19 सालों बाद बना है। दोपहर 2:55 बजे सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा। इसके साथ ही आज से सूर्यदेव उत्तरायण हो जाएंगे।
संक्रांति पर नदियों में स्नान और दान पुण्य किया जाता है। पटना समेत बिहार के अलग-अलग गंगा घाट पर श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे रहे हैं। पटना में जिला प्रशासन की ओर से 29 गंगा घाटों पर स्नान की व्यवस्था की गई है। गंगा घाटों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
14 और 15 जनवरी को गंगा घाटों पर पुलिस पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट और 50 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही गंगा में नावों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
मकर संक्रांति का पुण्यकाल पूरे दिन रहेगा। सनातन धर्मावलंबी गंगा में स्नान करेंगे। इसके बाद दान, भगवत पूजन, वेदमंत्रों का जाप करेंगे। सूर्य के मकर राशि में जाते ही खरमास खत्म हो जाएगा। हिंदू धर्म में सभी मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे।

जिला प्रशासन ने गंगा घाटों को 7 सेक्टर में बांटा है। इन घाटों पर 2-2 नाव के साथ 8 SDRF की टीम गोताखोर के साथ मौजूद रहेगी। एक नाव से पेट्रोलिंग किया जाएगा। दूसरा रिजर्व रहेगा। इमरजेंसी में इसका इस्तेमाल किया जाएगा। ADM डीपी शाही ने बताया कि 'सभी अंचलाधिकारियों को अपने क्षेत्र में निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। शहरी इलाके के घाटों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।'