Movie prime

तिरहुत MLC बंशीधर ब्रजवासी 3 जनवरी को लेंगे शपथ, JDU, RJD और जन सुराज को मात देकर निर्दलीय जीते हैं उप चुनाव

 

पिछले दिनों मुजफ्फरपुर के तिरहुत स्नातक निर्वाचन उपचुनाव में जेडीयू और आरजेडी उम्मीदवारों को शिकस्त देकर जीत दर्ज करने वाले निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी आगामी आगामी 3 जनवरी को विधान परिषद सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नायारण सिंह उन्हें शपथ दिलाएंगे।

विधान परिषद सचिवालय की तरफ से इसको लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया है। बिहार विधान परिषद के उप सचिव विश्वजीत कुमार सिन्हा की तरफ से जारी पत्र में जानकारी दी है कि बिहार विधान परिषद के उप निर्वाचन 2024 में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य बंशीधर ब्रजवासी आगामी तीन जनवरी को दोपहर एक बजे विधान परिषद सभापति के कार्यालय में सदस्यता की शपथ लेंगे।

बता दें कि तिरहुत स्नातक उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर ब्रजवासी करीब 12 हजार के अंतर से चुनाव जीते थे। उन्होंने सत्ताधारी और विपक्षी दल के उम्मीदवारों को कड़ी शिकस्त देते हुए चुनाव में जीत दर्ज की थी। राष्ट्रीय जनता दल तीसरे और जनता दल यूनाइटेड चौथे स्थान पर रही थी। दोनों पार्टी के उम्मीदवार को मिले वोट मिलाने के बाद भी बंशीधर ब्रजवासी की बराबरी नहीं कर सके। वहीं जनसुराज दूसरे नंबर पर रहे थे।