Movie prime

केजरीवाल के बहाने कांग्रेस नेता ने किसे दी नसीहत? कहा- कुछ क्षेत्रीय दल अपनी सीमा भूल गए हैं

 

दिल्ली ने अपने दिल से आप को निकाल दिया। आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल चुनाव हार गए। डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया को भी हार का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री आतिशी ने जैसे तैसे लाज रख ली। लेकिन बीजेपी को तीन सीटों पर समेटने वाली आम आदमी पार्टी 22 पर सिमट गई। बीजेपी को जनता ने 48 सीटों पर जीत की सौगात दी। 27 साल बाद दिल्ली पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा जमाया है। आप की हार पर कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है। कहा है कि कांग्रेस को इग्नोर करके कोई गठबंधन नहीं चला सकता।

दिल्ली चुनाव के नतीजों से भारतीय जनता पार्टी में जश्न की बहार है तो विपक्षी इंडिया गठबंधन में मातम छाया हुआ है। आम आदमी पार्टी सत्ता से बेदखल हो गई है तो कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। पप्पू यादव का दावा कि कांग्रेस तीन सीटों पर जीत दर्ज करेगी, मोदी मैजिक के तुफान में तिनके की तरह उड़ गया। अब कांग्रेस नेता और पूर्व एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा जले पर नमक छिड़क रहे हैं। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हवा में उड़ने लगे। वे अपनी सीमा भी भूल गए। हरियाणा में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ कैंडिडेट दे दिया। गोवा में जाकर लड़ गए। जहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई थी वहां भी अपना प्रत्याशी दे दिया।

उन्होंने कहा कि कहने को इंडिया गठबंधन पर बीजेपी को लाभ पहुंचाने के उद्येश्य से कांग्रेस के खिलाफ कोई कैंडिडेट दे देता है। यह तो ठीक बात नहीं है। दिल्ली में जो कुछ भी हुआ उसके दोषी एक मात्र अरविंद केजरीवाल हैं। क्षेत्रीय दलों को समझना पड़ेगा कि कांग्रेस पार्टी को इग्नोर करके कोई गठबंधन नहीं चल सकता है। जो अपने को सेकुलर पार्टी कहते हैं उन्हें कांग्रेस के नेतृत्व में एक साथ आना होगा।